Newsझारखण्ड

बाघमुंडी में 459 किलो डोडा बरामद, स्कॉर्पियो से हो रही थी तस्करी; दो गिरफ्तार

बाघमुंडी/पुरुलिया : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बाघमुंडी थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झालदा–बलरामपुर राज्य मार्ग पर नाका चेकिंग अभियान चलाकर एक स्कॉर्पियो वाहन से 459.14 किलोग्राम संदिग्ध डोडा बरामद किया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा 15 नायलॉन के बोरों में रखा गया था।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो वाहन के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने झलदा–बलरामपुर राज्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान रात करीब 12:55 बजे संदिग्ध स्कॉर्पियो WB 48 F 7197 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 15 नायलॉन के बोरों से कुल 459.14 किलोग्राम पोस्त की खाल, (डोडा) बरामद किया गया।मामले में पुलिस ने बीरभूम जिले के इलामबाजार निवासी हसन अली उर्फ लालन तथा शेख कुर्बान को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ बाघमुंडी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है। जांच के दौरान इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।पुलिस बरामद डोडा की आपूर्ति और तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

 

 पुरूलिया जिला से शिव नाथ महतो कि रिपोर्ट

Share this news