Newsझारखण्डसरायकेला

सिगरेट को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, दोस्त ने ही सोनू को मारी थी गोली; पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 

 

आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां): आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहिनी में सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मृतक के ही दोस्त विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महज सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

 

पुलिस के अनुसार, घटना 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे सतबोहिनी के जमालपुर के पास हुई थी। इसी दौरान सोनू कुमार (पिता मनोज कुमार साव) को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आदित्यपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद विशाल डिमना चौक पहुंचा और वहां से बस पकड़कर रांची भाग गया था।

 

पुलिस के मुताबिक, रांची में कुछ समय रहने के बाद विशाल वापस लौट रहा था। इसी दौरान शुक्रवार, 13 नवंबर को सापड़ा पुल के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

 

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सिगरेट को लेकर हुआ विवाद हत्या की वजह के रूप में सामने आया है। पुलिस अब मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।

 

हैरानी की बात यह है कि मृतक और आरोपी के बीच पहले अच्छी दोस्ती थी। दोनों परिवार भी एक-दूसरे को जानते थे। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Share this news