Newsझारखण्ड

Ranchi News: 25-26 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र, MMDR और SIR पर CM हेमंत सोरेन ने तैयार की सरकार की रणनीति!

Ranchi news :झारखंड विधानसभा में 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर राज्य की सियासत गरमाने लगी है। सदन में सरकार की रणनीति तय करने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे।

 

इस बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों और सत्ता पक्ष के विधायकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि सदन की कार्यवाही के दौरान सरकार का पक्ष किस तरह प्रभावी ढंग से रखा जाए।

 

विशेष सत्र में दो प्रमुख मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहने वाले हैं। इनमें खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम यानी एमएमडीआर संशोधन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का मुद्दा शामिल है।

 

इन दोनों विषयों पर राज्य सरकार सदन में अपनी चिंताएं और पक्ष रखने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री की बैठक का मुख्य उद्देश्य मंत्रियों और विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और विशेष सत्र से पहले सरकार की रणनीति को अंतिम रूप देना है।

 

अब सबकी नजरें 25 और 26 नवंबर को होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र पर टिकी हैं, जहां एमएमडीआर संशोधन और एसआईआर जैसे अहम मुद्दों पर सत्ता पक्ष का रुख देखने को मिलेगा।

Share this news