झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: संताल आदिवासी बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में मिलेगा बेटों के बराबर अधिकार
कथित पारंपरिक प्रथा के नाम पर बेटियों को संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता, हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर 2006 के फैसले को रखा बरकरार

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने संताल आदिवासी समाज की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी कथित पारंपरिक प्रथा का हवाला देकर बेटियों को पिता की संपत्ति में उनके अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष ऐसी परंपरा के आधार पर बेटियों के संपत्ति अधिकार का विरोध करता है, तो उसे ठोस साक्ष्यों के साथ यह साबित करना होगा कि संबंधित क्षेत्र में वह प्रथा आज भी प्रचलित, निश्चित और बाध्यकारी है।
सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने एक अपील पर सुनवाई करते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला दिया। अदालत ने अपील खारिज करते हुए प्रथम अपीलीय अदालत के 4 मार्च 2006 के फैसले को बरकरार रखा।
यह मामला जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव से जुड़ा है। वर्ष 1985 में एक महिला ने टाइटल सूट संख्या 45/1985 दायर कर अपने पिता से मिली जमीन पर अधिकार, स्वामित्व और कब्जा दिलाने की मांग की थी।
मामले की सुनवाई के बाद 5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए विवादित संपत्ति में एक-तिहाई हिस्से का अधिकार दिया था। हालांकि, महिला इस फैसले से संतुष्ट नहीं थी। इसके बाद उसने प्रथम अपीलीय अदालत का दरवाजा खटखटाया।
4 मार्च 2006 को प्रथम अपीलीय अदालत ने महिला की अपील स्वीकार करते हुए उसे पूरी विवादित संपत्ति का अधिकार प्रदान कर दिया। इस फैसले को मूल प्रतिवादी ने झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद अपील खारिज कर दी और प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा। अदालत की इस टिप्पणी को संताल आदिवासी समाज की महिलाओं के संपत्ति अधिकारों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फैसले से यह संदेश स्पष्ट है कि परंपरा या सामाजिक मान्यताओं का हवाला देकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।


