Newsझारखण्ड

ग्रामीण मेधाओं को मिला सहारा, श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने शुरू की छात्रवृत्ति पहल

 

जमशेदपुर: शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाते हुए श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत एक सराहनीय पहल की है। शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी पढ़ाई को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन होनहार छात्रों को सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे बिना आर्थिक दबाव के अपनी शिक्षा जारी रख सकें। विश्वविद्यालय की यह पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी दे रही है।

यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड स्थित विनापानी विद्या मंदिर के छात्रों के लिए आयोजित किया गया। चयनित विद्यार्थियों में स्मृति (कक्षा 5, गोपालपुर), ओम (कक्षा 6, गोलकाता), सिरजीत (कक्षा 7, बिर्रा), प्रेम (कक्षा 8) और अमित (कक्षा 9, बांगुरदा) शामिल हैं। विश्वविद्यालय द्वारा इन सभी छात्रों की विद्यालयी फीस का 50 प्रतिशत वहन किया जाएगा।

विद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में विश्वविद्यालय के डीन प्रशासन डॉ. जे. राजेश और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने कहा कि प्रतिभा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होती, बल्कि हर गांव और हर परिवार में मौजूद है। जरूरत है उसे पहचानने और सही दिशा देने की।

विश्वविद्यालय की यह पहल उसके समावेशी विकास और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this news