चालियामा : इंटर जिला टॉपर अनामिका गोराई को हरे लाल महतो ने किया सम्मानित, उच्च शिक्षा के लिए दी आर्थिक सहायता

नीमडीह (सरायकेला-खरसावां)। चालियामा गांव की इंटर कला संकाय की जिला टॉपर अनामिका गोराई को गुरुवार को “जन सेवा ही लक्ष्य” के संस्थापक एवं हरे लाल महतो द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।



अनामिका गोराई ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 500 में से 437 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। वह शिवानंद विद्यापीठ प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा की छात्रा है। उनके पिता अनिरुद्ध गोराई ग्रामीण चिकित्सक हैं, जबकि माता अंजू गोराई गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अनामिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।
चालियामा पहुंचकर हरे लाल महतो ने अनामिका और उनके परिजनों से मुलाकात कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा माना जाने वाला यह क्षेत्र आज शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रहा है और बेटियां लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने अनामिका की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए। समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करें। उन्होंने अनामिका को भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर अनामिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे चलकर सिविल सेवा में जाकर देश सेवा करना चाहती हैं।
इस उपलब्धि और सम्मान से परिवार में खुशी का माहौल है। अनामिका के परिजनों ने हरे लाल महतो के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के अजय सिंह, बुलेट नाग, राजकिशोर महतो, पशुपति महतो, पूर्व मुखिया हरिपद सिंह, लक्ष्मीकांत महतो, सनत महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।


