चांडिल : सिंहभूम कॉलेज में विभाग हटाने के विरोध में AIDSO का प्रदर्शन, अधिसूचना की प्रतियां जलाईं

चांडिल। सिंहभूम कॉलेज चांडिल में गृह विज्ञान एवं समाजशास्त्र विषयों को हटाने तथा वाणिज्य संकाय में एक शिक्षक पद समाप्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें अधिसूचना की प्रतियां जलाकर विरोध जताया गया।



कॉलेज कमेटी के सचिव राजा प्रमाणिक ने बताया कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल, चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का एकमात्र अंगीभूत डिग्री कॉलेज है, जहां दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई जारी रख पाते हैं, ऐसे में विषयों और पदों में कटौती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के तहत क्लस्टर व्यवस्था के नाम पर कॉलेज से गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों की पढ़ाई समाप्त करने का निर्देश जारी किया गया है। इसके साथ ही वाणिज्य संकाय में एक शिक्षक पद भी समाप्त किया जा रहा है।
विरोध कर रहे छात्रों का कहना है कि गृह विज्ञान विषय में लगभग 1000 से 1500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वाणिज्य विषय में स्नातकोत्तर स्तर तक पढ़ाई होती है, इसके बावजूद पदों में कटौती उचित नहीं है। साथ ही संथाली विषय में बड़ी संख्या में छात्र होने के बावजूद शिक्षक पद सृजित नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
AIDSO नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन विषयों और पदों को यथावत बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर राज्य सचिव मंडलीय सदस्य प्रदीप कुमार यादव सहित अनीता, अफ्सा परवीन, रोहित प्रमाणिक, आशा समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


