Newsझारखण्ड

सिंहभूम कॉलेज चांडिल में कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू करने की मांग, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

 

 

चांडिल: सिंहभूम कॉलेज चांडिल में नए शैक्षणिक सत्र से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर जिला परिषद सरायकेला-खरसावां की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार और स्थानीय भाषा के संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि चांडिल अनुमंडल में सिंहभूम कॉलेज एकमात्र प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान है। क्षेत्र के अधिकांश मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय एवं प्लस-टू विद्यालयों में लंबे समय से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई होती रही है, लेकिन उच्च शिक्षा स्तर पर इस विषय के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है या फिर वे अपनी मातृभाषा में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं।

मधुश्री महतो ने कहा कि कुड़मालि चांडिल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक रूप से बोली और समझी जाने वाली भाषा है। यह केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोग दैनिक जीवन में इसका उपयोग करते हैं। ऐसे में स्थानीय विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में कुड़मालि विषय की पढ़ाई शुरू किया जाना जरूरी है।

 

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए आगामी सत्र से सिंहभूम कॉलेज चांडिल में कुड़मालि भाषा विषय की पढ़ाई प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

 

मुलाकात के दौरान स्थानीय शिक्षा और भाषा विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. विभीषण महतो, पंचानन महतो, बिमल चंद्र महतो, धनंजय महतो, जितेंद्र महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share this news