Newsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय और मलेशिया की सेगी यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षणिक सहयोग समझौता, छात्रों को मिलेंगे वैश्विक अवसर

 

 

जमशेदपुर: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में श्रीनाथ विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मलेशिया की सेगी यूनिवर्सिटी के साथ शैक्षणिक सहयोग समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शिक्षा, शोध और अकादमिक आदान-प्रदान को नई गति प्रदान करना है।

 

समझौते पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. जे. राजेश तथा सेगी यूनिवर्सिटी की ओर से वाइस चांसलर प्रो. डॉ. मारियानी एमडी नोर ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के वरिष्ठ शिक्षाविद और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीनाथ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने भी किया।

 

इस सहयोग के तहत दोनों विश्वविद्यालयों के बीच छात्र एवं शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, अल्पकालिक और सेमेस्टर आधारित अंतरराष्ट्रीय अध्ययन अवसर, संयुक्त शोध परियोजनाएं, वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की शिक्षा प्रणाली को समझने और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

 

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल छात्रों की शैक्षणिक क्षमता को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करने में सहायक होगी। साथ ही शिक्षकों और शोधकर्ताओं को संयुक्त अनुसंधान, नवाचार और ज्ञान साझाकरण के नए अवसर प्राप्त होंगे।

 

अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने की रणनीति के तहत यह समझौता विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल अकादमिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी, बल्कि संस्थान की वैश्विक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

 

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक और लाभकारी संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this news