चिलगु में अनियंत्रित एथनॉल टैंकर पलटा, कार को लिया चपेट में; बाल-बाल बचे लोग

चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु में शनिवार सुबह टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर एथनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटने के दौरान टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।


बताया जा रहा है कि चिलगु में निर्माणाधीन पुल के कारण पिछले करीब दो वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से में वनवे व्यवस्था लागू है। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों को एक ही लेन से गुजरना पड़ता है। शनिवार सुबह फोरलेन से सिंगल लेन में प्रवेश करते समय एथनॉल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
टैंकर चालक के अनुसार, सिंगल लेन में प्रवेश करते समय विपरीत दिशा से दो वाहन अचानक सामने आ गए। उन्हें बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके बाद टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने चांडिल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एनएचएआई और पुलिस की टीम ने क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को सड़क किनारे हटाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चिलगु में निर्माणाधीन पुल के काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि करीब दो वर्षों से वनवे व्यवस्था के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग की है, ताकि वनवे व्यवस्था खत्म हो और हादसों पर रोक लग सके।


