हल्दीपोखर में सुदामा टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

,पोटका: कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित सुदामा टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम में रखे टेंट हाउस के अधिकांश सामान इसकी चपेट में आ गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी तक नहीं किया जा सका है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग बढ़ने के साथ ही पूरे इलाके में धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पानी डालकर तथा कार्बन गैस का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
गोदाम रिहायशी इलाके में स्थित होने के कारण आग लगने से आसपास के लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया था। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और आग लगने के कारणों तथा हुए नुकसान को लेकर चर्चा होती रही। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

