हारुडीह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, फरार आरोपी सहनवाज खान गिरफ्तार — एसपी निधि द्विवेदी ने दी जानकारी

घटना तथा गिरफ़्तारी की जानकारी देते हुए एसपी व थाना प्रभारी



सरायकेला/चांडिल, 27 अप्रैल : चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में बीते वर्ष 24 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित विजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
एसपी ने बताया कि 25 दिसंबर 2025 को चांडिल थाना में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले भी इस कांड में शामिल कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त सहनवाज खान का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना में दर्ज हैं, जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।
इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राव और मनीष कुमार ठाकुर शामिल हैं।
एसपी निधि द्विवेदी ने इस सफल कार्रवाई के लिए चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से काम करते हुए इस मामले में अहम सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ भी मौजूद रहे। छापेमारी दल में पु.अ.नि. राहुल भारती, स.अ.नि. राजीव कुमार, स.अ.नि. ब्रजेश मिश्रा, हवलदार प्रभु राम, आरक्षी अनुज तिर्की एवं आरक्षी रमेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनकी सक्रिय भूमिका इस गिरफ्तारी में अहम रही।


