जमशेदपुर में दिव्यांगता शिविर का आयोजन, 49 लोगों के बने नि:शुल्क प्रमाण पत्र
दिव्यांगों को पेंशन, रेलवे रियायत और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में होगी सहूलियत, कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों के बीच सेल्फ केयर किट और एमसीआर चप्पल वितरित

जमशेदपुर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम में एक दिवसीय दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में कुल 49 लोगों के नि:शुल्क दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि दिव्यांगता प्रमाण पत्र बन जाने से संबंधित लोगों को दिव्यांग पेंशन, रेलवे रियायत तथा सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी। शिविर में अलग-अलग विभागों के चिकित्सकों ने दिव्यांगता की जांच की। इनमें हड्डी संबंधी दिव्यांगता के 25, मानसिक दिव्यांगता के 8, कान-नाक एवं गला संबंधी दिव्यांगता के 5 तथा नेत्र संबंधी दिव्यांगता के 11 मामले शामिल रहे।
वहीं, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कुष्ठ रोग से प्रभावित दिव्यांग मरीजों के बीच सहायक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान 5 मरीजों को सेल्फ केयर किट तथा 8 मरीजों को एमसीआर चप्पल प्रदान की गई।
शिविर को सफल बनाने में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, डॉ. दीपक कुमार गिरि, डॉ. तापस कुमार मुर्मू, डॉ. प्रीति पाण्डेय, डॉ. शालिनी टोप्पो, डॉ. स्मिता हेंब्रम, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, पवन कुमार, ताजिन और शीतल कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


