JamshedpurNewsझारखण्ड

मनोज तिवारी के भजनों पर झूम उठा साकची, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया शिव भक्ति का आनंद

 

 

जमशेदपुर: 25 अगस्त। सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर साकची गुरुद्वारा मैदान में हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से 26वीं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक और सांसद मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह शिवमय कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगीत प्रेमी पहुंचे।

 

मनोज तिवारी ने भगवान शिव को समर्पित कई भजनों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों के साथ श्रद्धालु भी भक्ति में डूबे नजर आए। पूरे मैदान में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। कई श्रद्धालु भजनों पर झूमते और तालियों के साथ कलाकार का उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए।

भजन संध्या में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर बर्फ से तैयार शिवलिंग लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट ने पूरे परिसर की भव्यता बढ़ा दी।

 

आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क प्रवेश के साथ पेयजल, चाय और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ सामाजिक एकजुटता से जोड़ना है।

 

भजन संध्या के दौरान देर रात तक साकची गुरुद्वारा मैदान में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आए।

Share this news