विधायक जयराम महतो समेत 10 नामजद के खिलाफ एफआईआर, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप
धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में विवाद के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो समेत 10 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला सरकारी कार्य में बाधा डालने और थाना परिसर में हंगामा करने से जुड़ा है।

बताया गया है कि विवाद की शुरुआत बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ापिछरी पंचायत से हुई। पंचायत की मुखिया यशोदा देवी की शिकायत पर गांव के रहने वाले गणेश दास के खिलाफ कथित फर्जी हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल से जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली तैयार कराने का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने गणेश दास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
इसी बीच शुक्रवार को विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। वहां विधायक समर्थकों और मुखिया पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी रवि कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में विधायक जयराम महतो के अलावा जेएलकेएम के जिला प्रतिनिधि दिलीप चौधरी, प्रवक्ता सुशील मंडल, महेंद्र साव, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक महतो, रंजीत कुमार और राजेश महतो को नामजद किया गया है। इसके अलावा 40 से 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस की शिकायत के अनुसार, विधायक समर्थक दिलीप चौधरी ने सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण कर हिरासत में लिए गए गणेश दास की कथित पिटाई का आरोप लगाया था। इसके बाद लोगों के बीच अफवाह फैलने और बड़ी संख्या में लोगों के थाना पहुंचने की बात कही गई है। पुलिस का आरोप है कि भीड़ थाना परिसर में पहुंची और हंगामा किया, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ।
धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में थाना प्रभारी की शिकायत पर विधायक जयराम महतो समेत 10 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


