स्वरोजगार के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आगे आएं महिलाएं : सांसद जोबा माझी
कुईड़ा आजीविका महिला संकुल संगठन की वार्षिक आमसभा में सांसद ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ अंधविश्वास, बाल विवाह और नशापान के खिलाफ अभियान चलाने का किया आह्वान

गोइलकेरा: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तत्वावधान में कुईड़ा आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा बुधवार को कदमडीहा गांव में आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से सांसद का स्वागत किया। इसके बाद सांसद जोबा माझी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
आमसभा के दौरान बीपीएम मुमताज आलम ने कुईड़ा संकुल संगठन की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं बीएपी मकरु सुंडी ने संस्था का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान महिला समूहों की गतिविधियों, उपलब्धियों और स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महिला सदस्यों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जेएसएलपीएस के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। महिलाओं के कार्यों को देखकर स्पष्ट है कि इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
सांसद ने कहा कि महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत वाहक बन सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने, बाल विवाह रोकने और नशापान जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ गांव-गांव में अभियान चलाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है, जबकि नशापान परिवार और समाज दोनों को कमजोर करता है। महिलाओं को एकजुट होकर इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला समूह अपने गांवों में लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह नहीं करने के लिए प्रेरित कर समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
सांसद ने स्वरोजगार को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए दिग्गीलोटा गांव की ‘वायरल गर्ल’ अंजली हेम्ब्रम का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अंजली ने जिस तरह स्वरोजगार के क्षेत्र में कदम बढ़ाया और उन्हें सरकार से सहयोग मिला, उसी तरह क्षेत्र की अन्य महिलाएं भी आगे आ सकती हैं। स्वरोजगार से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं सामूहिक प्रयास से अपने गांवों को नशामुक्त, बाल विवाह मुक्त और अंधविश्वास मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मौके पर प्रखंड प्रमुख निरूमनी कोड़ाह, बीपीएम मुमताज आलम, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, प्रखंड सचिव अघना कंडुलना, मनसुख गोप, किशोर दास, उप मुखिया दिलीप सुरीन, ग्राम मुंडा रामेश्वर सुरीन, आरती विनीता कुंकल, मानी केराई, शांति पूर्ति, सुषमा सुरीन, मीता बानरा, मेचो बोयपाई, मिरजु पूर्ति, मेंजारी मारला समेत कुईड़ा और कदमडीहा की महिला समूहों की सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


