Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू में सजा गणेश उत्सव का भव्य दरबार, आठ दिवसीय मेले का हुआ शुभारंभ

 

 

कुकड़ू। सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत कुकड़ू हाटतोला में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति सोलोआना कुकड़ू की ओर से आयोजित आठ दिवसीय गणेश मेला एवं भव्य पूजा पंडाल का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूजा पंडाल और मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे क्षेत्र में गणेशोत्सव की रौनक बढ़ गई।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला क्षेत्र के प्रमुख और भव्य आयोजनों में शामिल है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेश उत्सव मनाने तथा मेले का आनंद लेने की अपील की।

 

वहीं, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के बड़े गणेश मेलों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। मेले की भव्यता के पीछे कुकड़ू क्षेत्र के लोगों की एकजुटता और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोगों की एकता और सहयोग इसी तरह बना रहा तो आने वाले समय में यह मेला पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

गणेश पूजा को लेकर समिति की ओर से आकर्षक एवं भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल की सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं, मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन और अन्य आकर्षण लगाए गए हैं। आठ दिनों तक चलने वाले आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और समिति के सदस्यों में खासा उत्साह है।

 

इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेला परिसर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

 

उद्घाटन समारोह में पूजा समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, सचिव मनोज कुमार मछुआ, धनंजय सिंह सरदार, उपाध्यक्ष शौरव सिंह, ठाकुर प्रसाद सिंह, नारायण गोप, कोषाध्यक्ष कार्तिक पोद्दार, विजय कुमार, चित्तरंजन कुमार, विपिन कुमार, काशीनाथ कुमार, सुमन पोद्दार, प्रवीर गोराई, कृष्णा पोद्दार, बसंत पोद्दार सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share this news