कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर, 49 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत

सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।



मृतक की पहचान कुकड़ू गांव निवासी मुनीराम गोराई (उम्र लगभग 49 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना बीते दिन शाम करीब 7 बजे के आसपास घटी, जब अचानक एक जंगली हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग कुछ भी कर पाने में असमर्थ रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।


