Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के कुमडीह में पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ, 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

 

 

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत कुमडीह गांव में बुधवार को नाबार्ड के लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (एलईडीपी) के तहत पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दो पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह 100 प्रतिशत अनुदान आधारित परियोजना झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (जेटीडीएस), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित की जा रही है।

 

उद्घाटन समारोह में जेटीडीएस के राज्य परियोजना निदेशक विजय सिंह बिरूवा, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य परियोजना निदेशक विजय सिंह बिरूवा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में इस प्रकार के उद्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा ने महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, उद्यम प्रबंधन तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया। पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी स्थानीय स्तर पर विपणन एवं उद्यम संवर्धन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

परियोजना के तहत आयोजित आवासीय प्रशिक्षण के बाद स्थापित इन मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेपर प्लेट और दोना का उत्पादन किया जाएगा। इससे लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार एवं आजीविका के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए जल्द ही 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

 

ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को मजबूत बनाने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (जेटीडीएस), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा किया गया। मौके पर डीपीएम नीरज नयन सहित डीपीएमयू के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।

Share this news