DC saraikelaLatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

नगर भवन सरायकेला में आयोजित जिला स्तरीय पीएम श्री विद्यालय सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न

सरायकेला। सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए सोमवार को नगर भवन (टाउन हॉल) सरायकेला में जिला स्तरीय सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

प्रतियोगिताओं में जिलेभर के विद्यालयों के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर, बैलून फोड़ और इन–आउट जैसी रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। वहीं कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए लूडो, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में प्रतिभागी सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विभिन्न श्रेणियों में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान पत्र प्रदान किया गया।

उपायुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ–साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़–चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति रही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *