बनते ही दरकने लगी बस स्टैंड की चारदीवारी, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत शीशी डाटम में निर्माणाधीन बस स्टैंड की चारदीवारी में निर्माण के दौरान ही जगह-जगह दरारें आने का मामला सामने आया है। चारदीवारी के अलावा भवन की दीवारों और दरवाजों में भी दरारें दिखाई दे रही हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की ओर से बस पड़ाव निर्माण कार्य को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर विभिन्न संवेदकों को आवंटित किया गया है। मेसर्स राजो वाला इंटरप्राइजेज को चारदीवारी, दुकान शेड और मुख्य गेट निर्माण का कार्य सौंपा गया है। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य करने के तरीके की जांच की जानी चाहिए। प्लास्टर के बाद नियमित रूप से तराई नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित अभियंताओं को स्थल की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। उन्होंने विकास कार्यों में लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही थी।
निर्माण कार्य के दौरान ही चारदीवारी में दरारें आने के बाद अब इसकी मजबूती और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यदि इसी तरह की समस्या सामने आती है तो सरकारी राशि से तैयार की जा रही संपत्ति की उपयोगिता और टिकाऊपन पर असर पड़ सकता है।
फिलहाल, जिला परिषद की ओर से कराए गए निरीक्षण के बाद जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण में तकनीकी मानकों का पालन हुआ है या नहीं और दरार आने की वास्तविक वजह क्या है।


