Latestझारखण्डसरायकेला

समय सीमा खत्म, सड़क अधूरी; प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर उठे सवाल

 छोटा चुनचुरिया–आतरग्राम–चिमटिया–ईचागढ़ सड़क निर्माण ठप, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क; प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची शिकायत*

 

ईचागढ़: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छोटी चुनचुरिया से आतरग्राम, चिमटिया होते हुए ईचागढ़ तक बन रही सड़क निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के करीब एक वर्ष बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना की धीमी रफ्तार अब ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। अधूरा निर्माण, जगह-जगह बड़े गड्ढे और बारिश के कारण कीचड़ से सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है।

बता दें कि…. सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत 23 अगस्त 2023 को हुई थी, जबकि इसे 22 फरवरी 2025 तक पूरा किया जाना था। निर्माण कार्य का जिम्मा एमएस मेगोटिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद कई हिस्सों में अब तक जीएसबी की परत भी नहीं बिछाई गई है, जिससे निर्माण कार्य की धीमी गति साफ दिखाई देती है। निर्माण एजेंसी की लापरवाही और संबंधित विभाग की उदासीनता का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अधूरी सड़क अब बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ से हालात और गंभीर हो जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है, जबकि स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में हो रही देरी और कथित लापरवाही की शिकायत ग्रामीणों द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से भी भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं दिख रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले संवेदक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे

Share this news