राजनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े कोयला लदे हाइवा से टकराई बाइक, युवक की मौत

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी के पास हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कोयला लदा एक हाइवा सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही यामाहा आर-वन-फाइव बाइक ने हाइवा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को तत्काल अपने वाहन से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी।
पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाइवा के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
फिलहाल मृतक की पहचान और दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



