राजनगर में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, प्रगणकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

सरायकेला-खरसावां: प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, राजनगर में सोमवार को आगामी जनगणना कार्य के सफल संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह प्रशिक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।



प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नामित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें गृह सूचीकरण, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के उपयोग के साथ-साथ फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सभी नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के क्रम में प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को दक्ष एवं प्रशिक्षित बनाना है, ताकि जनगणना कार्य का सफल, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

