सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन, पंचायतों में लगाए गए शिविर

सरायकेला-खरसावां: सरायकेला प्रखंड अंतर्गत मुरुप, मुंडाटांड़ एवं ईटाकुदार पंचायतों में सोमवार को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन हेतु शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित हुए और अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराया।



शिविर में संबंधित अधिकारियों द्वारा लाभुकों के अभिलेखों की जांच करते हुए योजनाओं के तहत उनकी पात्रता का सत्यापन किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार अभिलेखों का अद्यतन भी किया गया, ताकि योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के दौरान लाभुकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए लोगों को जागरूक किया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के भौतिक सत्यापन अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

