सड़क दुर्घटना में मृत सिद्धेश महतो के परिजनों को शौर्य सेवा संघ ने दी 21 हजार की सहायता
11 माह के मासूम बेटे, पत्नी और माता-पिता को छोड़ गए थे सिद्धेश, संघ ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

पोटका : सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हुए शौर्य सेवा संघ के सदस्य सिद्धेश महतो के शोकाकुल परिवार को संघ की ओर से 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पोटका एवं राजनगर प्रखंड के संघ सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल सिद्धेश महतो के आवास पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि सिद्धेश महतो अपने पीछे मात्र 11 माह का मासूम पुत्र, पत्नी और माता-पिता को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस कठिन परिस्थिति में परिवार को आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से संघ की ओर से 21 हजार रुपये की सहयोग राशि सौंपी गई।
इस दौरान शौर्य सेवा संघ के अध्यक्ष सह जिला पार्षद सूरज मंडल, महासचिव आलोक मंडल, कोषाध्यक्ष शुभम साहू, सचिव तनुज दास एवं संपर्क प्रमुख रमेश मोदक उपस्थित रहे। संघ के सदस्यों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में संगठन उनके साथ खड़ा है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।


