Newsझारखण्ड

धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव से हालात गंभीर, प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को शिफ्टिंग का दिया निर्देश

धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जारी जहरीली गैस का रिसाव अब गंभीर खतरे में बदल चुका है। राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और ऑफिसर कॉलोनी सहित कई इलाकों में गैस की तीव्रता बढ़ने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। अब तक दो महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

 

शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी, BCCL के CMD और तकनीकी टीमों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में कई घरों में गैस का स्तर सामान्य से कई गुना अधिक पाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे घरों से तत्काल शिफ्टिंग आवश्यक है। प्रभावित परिवारों के लिए टेंट, भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जबकि स्थायी पुनर्वास बेलगड़िया टाउनशिप में किया जाएगा।

 

डीसी ने बताया कि यह इलाका पहले से ‘डेंजर जोन’ घोषित था और समय रहते विस्थापन होना चाहिए था। वहीं स्वास्थ्य विभाग लगातार सर्वे, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात कर रहा है। गैस के कार्बन मोनोऑक्साइड होने की पुष्टि की गई है, जो अत्यंत घातक मानी जाती है। दूसरी ओर, स्थानीय लोग प्रशासनिक देरी पर नाराजगी जता रहे हैं और कई परिवार सुरक्षा के लिए क्षेत्र छोड़ने लगे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *