खरसावां शहीद दिवस की तैयारी को लेकर झामुमो की बैठक, मंत्री दीपक बिरूवा व विधायक दशरथ गागराई रहे मौजूद
खरसावां में आगामी एक जनवरी को आयोजित होने वाले शहीद दिवस की तैयारी को लेकर पथ निरीक्षण भवन परिसर में झामुमो की बैठक हुई. बैठक में राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, स्थानीय विधायक विधायक दशरथ गागराई, जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो ने विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए कार्यकर्ताओं के साथ शहीद दिवस कार्यक्रम को ऐतिहासिक व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विचार विमर्स किया. सभी पहलूओं पर बिंदुवार चर्चा करते हुए आपसी समंवय से सफल बनाने की रणनीति बनाई गयी. बैठक में पहुंचे मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खरसावां के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिये राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचेंगे. इसके पश्चात श्रद्धाजंलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खरसावां समेत राज्य की जनता के नाम अपना संदेश देंगे. उन्होंने बताया कि एक जनवरी 1948 को हुए खरसावां गोली कांड के शहीदों की पहचान के लिये न्यायीक जांच समिति का गठन करने के प्रति सरकार संवेदनशील है. विधायक दशरथ गागराई की मांग पर सरकार के गृह विभाग की ओर से विस में इसकी घोषणा भी की गयी है. खरसावां की जनता को इस साल भी सीएम कई सारी सौगातें भी देंगे. बैठक को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि खरसावां में एक जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा में सभी क्षेत्रों से लोग पहुंचे तथा लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो यह सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समंवय बना कर शहीद दिवस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की. आपसी समवय बना कर सभी कार्यों को संपादित करने पर बल दिया.



शहीद दिवस कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के प्रसाद, वाहन समेत अन्य मुद्दों पर भी आवश्यक सुझाव दिये. विधायक ने सभी प्रखंड समितियों को तैयारी बैठक करने का सुझाव दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वाह करने की अपील की. एक जनवरी 2026 को खरसावां में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित सभा स्थल का मंत्री दीपक बिरुवा व विधायक दशरथ गागराई ने निरीक्षण किया. शहीद पार्क के निकट आयोजित होने वाले कार्यक्रम का जायजा लिया. इस दौरान खरसावां शहीद पार्क के निकट हो रहे (एक्सटेंशन वर्क) सौंदर्यीकरण और विकासात्मक कार्यों की भी जानकारी ली. बैठक के दौरान मुख्य रुप से सरायकेला विस क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, जिप सदस्य काली चरण बानरा, खूंटपानी प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा,भोला मोहंती,धनु मुखी, भरत सिंह मुंडा,मुन्ना सोय, सतीश पुरती, सुरेश मोहंती, दशरथ महतो,खिरोद प्रमाणिक, मुन्ना मोहंती,भवेश मिश्रा समेत खरसावां विधान सभा क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित थे.

