हजारीबाग के चंदन कुमार को मिला राष्ट्रीय मंच, मंडपम प्रोग्राम में करेंगे प्रतिनिधित्व
हजारीबाग जिले से संघर्ष और सफलता की एक प्रेरक कहानी सामने आई है। आर्थिक चुनौतियों के बीच पले-बढ़े चंदन कुमार ने मेहनत और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर हासिल किया है। हजारीबाग निवासी चंदन कुमार का चयन 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले मंडपम प्रोग्राम के लिए हुआ है, जहां वे देशभर से आए युवाओं के बीच अपनी प्रतिभा और सोच प्रस्तुत करेंगे।


चंदन कुमार ऐसे परिवार से आते हैं, जहां पिता आज भी पंचर की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बच्चों की शिक्षा और भविष्य से कभी समझौता नहीं किया। चंदन इसी संघर्षपूर्ण माहौल में आगे बढ़े और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।
मंडपम प्रोग्राम में चयनित युवा ‘विकसित भारत’ की अवधारणा पर अपने विचार और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करते हैं। यह कार्यक्रम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य से जुड़ा है। खास बात यह है कि चंदन की बहन भी पहले इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर जिला स्तर पर सम्मानित हो चुकी हैं।
इस उपलब्धि से पूरा परिवार और हजारीबाग जिला गौरवान्वित है। चंदन कुमार की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

