Newsझारखण्डसरायकेला

उदयपुर गांव में श्रीनाथ विश्वविद्यालय की एनएसएस टीम ने चलाया महिला वित्तीय व डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम

 

सरायकेला-खरसावां :

श्रीनाथ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) टीम द्वारा झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के उदयपुर गांव में ग्रामीण महिलाओं के बीच वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें गांव की महिलाओं के साथ-साथ बच्चे, ग्रामीण एवं एनएसएस के छात्र स्वयंसेवक शामिल हुए।

कार्यक्रम के तहत ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय साक्षरता से जोड़ने के उद्देश्य से बीमा शक्ति योजना एवं अटल पेंशन योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। एनएसएस टीम ने इन योजनाओं के उद्देश्य, लाभ, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में समझाया, ताकि महिलाएं अपने आर्थिक भविष्य को सुरक्षित कर सकें।

इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें मोबाइल फोन के सही उपयोग, यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग तथा डिजिटल माध्यमों से सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को रोचक एवं बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए इको-फ्रेंडली बैग निर्माण जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

पूरा कार्यक्रम एनएसएस प्रमुख सहायक प्रोफेसर श्रीमती शालिनी ओझा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर रूबी संत्रा (स्कूल ऑफ फार्मेसी) एवं श्री चंदन कुमार (स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग) का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की सफलता में एनएसएस छात्र स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *