Newsझारखण्ड

परिचालन विभाग चक्रधरपुर मंडल के पीएमए राजेन कच्छप की सतर्कता से टली बड़ी घटना  

 

 

चक्रधरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): परिचालन विभाग, चक्रधरपुर मंडल के लिए यह एक प्रेरणादायक और शौर्यपूर्ण दिन रहा। विभाग के कर्मचारी राजेन कच्छप (PMA/SWR) की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस में संभावित दुर्घटना टल गई। इस कार्य के लिए उन्होंने परिचालन विभाग सहित पूरे रेल परिवार का नाम रोशन किया है।

 

घटना गाड़ी संख्या 20871 वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ी है, जो अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित है। इस ट्रेन में लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के लिए टीसीएमएस (TCMS) डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध है, जिसमें गाड़ी की सभी सामान्य और असामान्य गतिविधियों की जानकारी मिलती रहती है।

 

ड्यूटी के दौरान राजेन कच्छप को SWR स्टेशन पर ट्रेन के एक एक्सल में हॉट एक्सल की असामान्यता दिखाई दी। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी को अगले स्टेशन TUX पर रोकने का निर्णय लिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी।

 

रेल प्रशासन के अनुसार, तकनीकी सुविधाओं के सही उपयोग और कर्मचारियों की सजगता के कारण यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सका। इस घटना के बाद परिचालन विभाग ने राहत की सांस ली और राजेन कच्छप के कार्य की सराहना की।

 

रेल परिवार की ओर से उनके इस साहसिक और जिम्मेदाराना कार्य के लिए बधाई दी गई है, जिसने एक बार फिर यह साबित किया कि सतर्क आंखें और सजग मन ही रेल सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *