जमशेदपुर में श्री जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व का क्षण आने वाला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को जमशेदपुर पहुंचेंगी, जहां वह प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर और आध्यात्मिक केंद्र की आधारशिला रखेंगी। इस अवसर पर विधिवत भूमि पूजन भी संपन्न होगा।


यह जानकारी श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र न्यास के प्रबंध न्यासी एस. के. बेहरा ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के हाथों आधारशिला रखे जाने के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक शुरुआत होगी। मंदिर और आध्यात्मिक केंद्र के निर्माण में लगभग चार वर्ष का समय लगने का अनुमान है, हालांकि न्यास की प्राथमिकता आध्यात्मिक केंद्र को पहले पूरा कर उसे जल्द संचालित करने की है।
प्रबंध न्यासी के अनुसार यह केंद्र शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से विकसित किया जाएगा। यहां आध्यात्मिक विज्ञान, संस्कृति, परंपरा और विरासत से जुड़े अध्ययन और शोध को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं को नैतिक और बौद्धिक मार्गदर्शन मिल सके।
करीब ढाई एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह मंदिर पूरी तरह पत्थरों से निर्मित होगा, जिसमें पारंपरिक वास्तुकला और उत्कृष्ट शिल्पकला को प्रमुखता दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना की आधारभूमि उस समय तैयार हुई थी, जब द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थीं। अब राष्ट्रपति के रूप में उनका आगमन इस परियोजना को नई ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है।

