इग्नू ने भारतीय दर्शन और मानव मूल्यों पर नए शैक्षणिक कार्यक्रम किए शुरू
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र से भारतीय दर्शन और मानव मूल्य एवं नैतिकता विषय पर नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत की है। इसके तहत भारतीय दर्शन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (PGDBD) तथा मानव मूल्य एवं नैतिकता में स्नातकोत्तर (एमए) कार्यक्रम शुरू किया गया है।


इग्नू देश के उन शुरुआती उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बहुविषयक पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत भारतीय ज्ञान प्रणाली को उच्च शिक्षा संस्थानों में लागू करना अनिवार्य किया गया है, जिसमें पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
इग्नू ने इस दिशा में वेद अध्ययन, हिंदू अध्ययन, भगवद्गीता अध्ययन, ज्योतिष, संस्कृत जैसे विषयों में स्नातकोत्तर कार्यक्रम तथा वैदिक गणित, भारतीय काल गणना, वास्तु शास्त्र जैसे विषयों में डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम पहले से शुरू कर रखे हैं। भारतीय दर्शन और मानव मूल्य एवं नैतिकता के ये नए कार्यक्रम इसी श्रृंखला का विस्तार हैं।
भारतीय दर्शन में पीजी डिप्लोमा तथा मानव मूल्य एवं नैतिकता में एमए कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का स्नातक या उससे उच्च योग्यता होना आवश्यक है। एमए मानव मूल्य एवं नैतिकता एक मॉड्यूलर कार्यक्रम है, जिसमें प्रथम वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर पीजी डिप्लोमा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी इग्नू की कॉमन प्रॉस्पेक्टस और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है। जनवरी 2026 सत्र के लिए ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग तथा ऑनलाइन मोड के माध्यम से संचालित सभी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 फरवरी 2026 तक इग्नू के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र रांची, कृष्णा मॉल, द्वितीय तल, अशोक नगर, रांची से संपर्क किया जा सकता है।
फोन: 0651-2244677, 2244688, 2244699
ई-मेल: reranchi@ignou.ac.in
वेबसाइट: www.rcranchi.ignou.ac.in�, www.ignou.ac.in�
यह जानकारी डॉ. शुभकांत मोहंती, वरीय क्षेत्रीय निदेशक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा दी गई।

