गुमला में घरेलू गैस आपूर्ति सुधार बैठक, होम डिलीवरी पर विशेष जोर

गुमला: नगर पालिका क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए अनुमंडल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के दिशा-निर्देश पर मां शेरावाली इंडेन गैस, लाल परी इंडेन गैस और भारत गैस, गुमला के प्रतिनिधि शामिल हुए।


बैठक में वितरकों ने बताया कि गोदामों पर सुबह चार बजे से ही लोगों की भीड़ लगने के कारण होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने थाना प्रभारी गुमला को निर्देश दिया कि डिलीवरी वाहनों के संचालन में कोई बाधा न आए और गोदामों के पास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
साथ ही यह भी सामने आया कि कुछ परिवार एक से अधिक गैस कनेक्शन रखकर जमाखोरी कर रहे हैं। इसे रोकने के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में औचक निरीक्षण दल गठित किया गया है, जो जमाखोरी और कालाबाजारी पर निगरानी रखेगा।
बैठक में यह निर्देश भी दिए गए कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए और ई-केवाईसी पूर्ण कर चुके उपभोक्ताओं को भी अग्रिम सुविधा मिले। स्थानीय वार्ड सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर गैस वितरकों को होम डिलीवरी सुगम बनाने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें, जमाखोरी न करें और गोदामों पर भीड़ न लगाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और सभी गैस वितरक मौजूद रहे।


