शहीद दिवस पर सरायकेला में श्रमदान, स्वच्छता अभियान से दिया जिम्मेदारी का संदेश

सरायकेला-खरसावां:


शहीद दिवस के उपलक्ष्य में “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के तहत मेरा युवा भारत, सरायकेला-खरसावां के तत्वाधान में रविवार को सामुदायिक भवन परिसर एवं सिदो-कान्हू पार्क में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज के नेतृत्व में हुआ, जिसमें कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं युवा वॉलिंटियर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाते हुए कचरा संग्रहण, झाड़ियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की। साथ ही, लगभग तीन से चार वर्ष पूर्व श्रमदान से बनाए गए जल सोख्ता (सोक पिट) की सफाई, मरम्मत और पुनर्सक्रियकरण किया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास की साफ-सफाई में सहयोग करें।

