राजनगर में रामनवमी को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, पुलिस ने निकाला भव्य फ्लैग मार्च

राजनगर में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से राजनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास और असामाजिक तत्वों में सख्त संदेश गया।


फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, बाजारों और मुख्य चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
मार्च में राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के साथ साथ पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे, जिन्होंने साफ संदेश दिया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना में भाग ले सकें।
राजनगर पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और लोग भी शांति एवं सद्भाव के साथ रामनवमी मनाने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।

