Newsझारखण्ड

झारखंड में बढ़ेगी भीषण गर्मी! रांची समेत कई जिलों में लू का अलर्ट, 43°C तक जाएगा पारा

झारखंड में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि राज्य में अब मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा।

बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। खासकर दोपहर के समय लू जैसी स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

राज्य के कई जिलों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा। इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 10 दिनों में राज्य का अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

अप्रैल महीने में सामान्य तापमान के मुकाबले इस बार गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। तेज धूप और गर्म हवाएं दिन के समय लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें, ताकि लू से बचाव किया जा सके।

Share this news