जेपीएससी नियुक्ति विवाद से जुड़े 31 अधिकारियों को मिली प्रोन्नति, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जारी हुई अधिसूचना

रांची : झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जेपीएससी नियुक्ति विवाद से जुड़े 31 अधिकारियों को संयुक्त सचिव रैंक में प्रोन्नति दे दी गई है। राज्य सरकार ने विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक के बाद इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी।



जानकारी के अनुसार, इन अधिकारियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि उनकी प्रोन्नति वर्ष 2023 से लंबित है, जबकि उनके खिलाफ सीबीआई द्वारा आरोप पत्र बाद में दाखिल किया गया। अधिकारियों का तर्क था कि यदि समय पर प्रोन्नति दी जाती तो बाद की कानूनी प्रक्रिया उसके रास्ते में बाधा नहीं बनती।
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की एकल पीठ ने राज्य सरकार को निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 30 अप्रैल को हुई डीपीसी बैठक में संबंधित अधिकारियों को पदोन्नति देने पर सहमति बनी।
प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं, जिनकी नियुक्ति वर्ष 2006 में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की अनुशंसा पर हुई थी। मामला लंबे समय से विवाद और जांच के दायरे में रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा जारी है।

