पाटरा पोखरी तालाब के जीर्णोद्धार की तैयारी शुरू, नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

सरायकेला : नगर पंचायत क्षेत्र स्थित पाटरा पोखरी तालाब के संरक्षण और जीर्णोद्धार की दिशा में पहल तेज हो गई है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने तालाब का स्थल निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।


निरीक्षण दल में भूमि संरक्षण विभाग के पदाधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर महेश जारीका, वार्ड पार्षद गौतम नायक तथा अभियंता अजय सुंडी शामिल थे। टीम ने तालाब के जलग्रहण क्षेत्र, साफ-सफाई की स्थिति और पुनर्जीवन की संभावनाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लंबे समय से समुचित रखरखाव नहीं होने के कारण तालाब का बड़ा हिस्सा जलीय खरपतवार, गाद और अन्य अपशिष्ट पदार्थों से प्रभावित हो गया है। इससे जल संग्रहण क्षमता में कमी आई है और स्थानीय लोगों को तालाब का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पाटरा पोखरी तालाब के संरक्षण और विकास का जो आश्वासन लोगों को दिया गया था, उसे पूरा करने की दिशा में अब ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तालाब क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर होने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके पुनर्जीवन से भू-जल स्तर को बेहतर बनाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को तालाब की मौजूदा स्थिति का तकनीकी आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गहरीकरण, सफाई और जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने के उपायों पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। साथ ही भूमि संरक्षण विभाग और नगर पंचायत के समन्वय से दीर्घकालिक संरक्षण की योजना भी तैयार की जाएगी।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि तालाब के जीर्णोद्धार से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को एक स्वच्छ जल स्रोत उपलब्ध होगा। वहीं वार्ड पार्षद गौतम नायक ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग रही है।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही तालाब के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

