Kandra: 2022 में नीलांचल कंपनी डकैती का फरार आरोपी कोर्ट वारंट पर गिरफ्तार

कांड्रा : वर्ष 2022 में नीलांचल कंपनी में हुई डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमर प्रमाणिक उर्फ प्रेमराज के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, आरोपी अमर प्रमाणिक पर आरोप है कि उसने वर्ष 2022 में अपने साथियों के साथ मिलकर नीलांचल कंपनी में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में वह पूर्व में जेल भी जा चुका है, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वह लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहा था।
कोर्ट से लगातार गैरहाजिर रहने पर न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अमर प्रमाणिक के खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं, जिनकी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल उसे डकैती के पुराने मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

