विधायक सविता महतो ने भरा एसआईआर मतदाता सत्यापन फॉर्म, लोगों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील

ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने बुधवार को कदमा उलीयान स्थित आवास पर एईआरओ किकू महतो एवं बीएलओ यस्मिन टुडू को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की। विधायक सविता महतो ने कहा कि मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना चाहिए, ताकि वह अपने मताधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का महत्व है और मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज होना सभी की साझा जिम्मेदारी है।




