Newsझारखण्डसरायकेला

SIR अभियान को लेकर झामुमो सक्रिय, मनोज कुमार चौधरी ने बूथ संख्या-351 का किया निरीक्षण

सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो के निर्देश पर नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने नगर क्षेत्र के बूथ संख्या-351 सहित अन्य मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार चौधरी ने मतदाताओं से मुलाकात कर उन्हें SIR अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम सही रूप से दर्ज रह सके।

इस अवसर पर उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं चुनाव कार्य में लगे कर्मियों से भी बातचीत की और अभियान को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

जानकारी के अनुसार, बूथ संख्या-351 में कुल 813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक करीब 300 मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष मतदाताओं का सत्यापन कार्य तेजी से जारी है।

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

Share this news