Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के विकास की 5 प्रमुख मांगें, ITI-पॉलिटेक्निक, महिला कॉलेज और आधुनिक स्टेडियम पर जोर, विशु हेंब्रम ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में शिक्षा, खेल और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर झामुमो केंद्रीय सदस्य एवं राजनगर निवासी विशु हेंब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। 20 अगस्त को रांची में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने इन मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। वहीं, 21 अगस्त को राजनगर प्रखंड कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी साझा की।

 

इनमें राजनगर में आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना प्रमुख मांग है। उनका कहना है कि तकनीकी शिक्षा के लिए क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षण संस्थान खुलने से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

 

इसके अलावा राजनगर में महिला कॉलेज की स्थापना की मांग भी रखी गई है। इससे क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम होगी। स्थानीय स्तर पर कॉलेज की सुविधा मिलने से महिला शिक्षा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

खेल के क्षेत्र में आधुनिक स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है। क्षेत्र में मौजूद खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेडियम की मांग की गई है। इससे खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।

 

वहीं, कशिदा डैम के सौंदर्यीकरण और उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है। पर्यटक सुविधाओं का विकास होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।

 

केंद्रीय सदस्य ने कहा कि शिक्षा, खेल और पर्यटन से जुड़ी इन योजनाओं पर सरकार सकारात्मक पहल करती है तो राजनगर के युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Share this news