Newsझारखण्ड

चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 33 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

चाईबासा: गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष मुहिम के तहत तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की मदद से 33 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार को जरूरी सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी के नेतृत्व में मोबाइल फोन की ट्रेसिंग के लिए तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। अलग-अलग मामलों में गुम और चोरी हुए मोबाइल की जानकारी जुटाकर उन्हें सीईआईआर प्रणाली के माध्यम से ट्रैक किया गया।

 

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने चाईबासा पुलिस की इस पहल की सराहना की।

 

मोबाइल वितरण के दौरान चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैय्यद मुस्तफा हासमी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही संचार साथी ऐप के जरिए भी मोबाइल की जानकारी दर्ज करने की सलाह दी गई है, जिससे सीईआईआर के माध्यम से फोन को ट्रैक करने में मदद मिल सके।

 

पुलिस ने बाजार, साप्ताहिक हाट और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, कुछ मोबाइल चोर गिरोह दूसरे जिलों से आकर भीड़ का फायदा उठाते हैं और चोरी किए गए मोबाइल को दूसरे राज्यों में भेज देते हैं।

 

चाईबासा पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने की अपील की है। किसी आपात स्थिति में 112 और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया