छोटा कुनाबेड़ा फुटबॉल प्रतियोगिता में महुलडीह बनी विजेता, लिटेगोसा को फाइनल में हराया
64 टीमों ने लिया हिस्सा, विधायक संजीव सरदार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; खेल को रोजगार से जोड़ने की अपील की

राजनगर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के राजनगर प्रखंड अंतर्गत छोटा कुनाबेड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। छोटानागपुर किसान क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में महुलडीह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लिटेगोसा को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल की कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आयोजन समिति की ओर से फुटबॉल की आठ टीमों के साथ देश बांदना और दिशोम सोहराय की टीमों को भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खेल प्रतियोगिता के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना सराहनीय पहल है। इससे झारखंड की समृद्ध परंपरा और आदिवासी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे रोजगार का साधन बनाएं। बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारें और क्षेत्र के साथ-साथ झारखंड का नाम रोशन करें।
विधायक ने युवाओं से खेल के साथ अच्छी शिक्षा ग्रहण करने और स्वरोजगार से जुड़ने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि युवा नशापान से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा तथा समाज के सकारात्मक कार्यों में लगाएं।
कार्यक्रम में झामुमो संगठन सचिव सुनाराम मुर्मू, मुखिया रायमनी हांसदा, समाजसेवी विप्लव पति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष महेश बास्के, माझी बाबा राजेश माझी, जमाल हांसदा, कान्हू मुर्मू, करन मार्डी, राजन हांसदा, लखन मार्डी और भादो मुर्मू समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


