Newsझारखण्डसरायकेला

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर प्रेस क्लब नाराज, कांग्रेस और सत्ताधारी दल से पूछे सवाल, आज सौंपेगा ज्ञापन

 

 

सरायकेला-खरसावां। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की निंदा की है। क्लब ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए सभी पत्रकारों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने की अपील की है।

 

प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से भी इस मामले में सवाल करते हुए कहा कि पत्रकार की गिरफ्तारी पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है? वहीं सत्ताधारी दल से भी सवाल है कि जिस तत्परता से पत्रकार की गिरफ्तारी की गई, क्या उसी तत्परता से विधायक भूषण बाड़ा के मामले में भी कार्रवाई की गई?

 

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी को पत्रकारों के सवालों का सम्मान करना चाहिए। कानून की कार्रवाई में किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।

 

प्रमोद सिंह ने कहा कि अब न्यायपालिका पर भरोसा है और उम्मीद है कि अभिषेक भारती को न्याय मिलेगा। प्रेस क्लब इस मामले में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगा। इसी क्रम में आज उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

 

उन्होंने क्लब से जुड़े सभी पत्रकार साथियों से दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय पहुंचने और एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।

Share this news