आदित्यपुर में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू

आदित्यपुर। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (भारत सरकार) के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को आदित्यपुर आरआईटी थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना एवं युवा संस्था की संयुक्त टीम शामिल रही।


अभियान के दौरान एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स एवं अंबेडकर चौक के पास एक वॉशिंग सेंटर पर छापेमारी की गई, जहां से कुल चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इनमें दो बच्चे रोहित स्वीट्स से तथा दो बच्चे वॉशिंग सेंटर से मुक्त कराए गए।
बचाए गए सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं प्रतिष्ठान संचालकों से पूछताछ करते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक विवरण एकत्र किया गया।
बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद आयाज़ हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम कानून का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना दंडनीय अपराध है।
उन्होंने दुकानदारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को काम पर न रखें तथा इस संबंध में स्पष्ट सूचना अपने प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करें।
इस अभियान में श्रम विभाग की एलईओ रूबी कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद आयाज़ हैदर, चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, सीएचएल के समीर कुमार महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति सहित आरआईटी थाना के आनंद कुमार पेट्रोलिंग टीम के साथ मौजूद रहे।

