राजनगर प्रखंड कार्यालय में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर, अधिकारियों व समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को रक्त केंद्र सदर अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।



कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने रक्तदान कर की। उनके इस पहल के बाद अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी रक्तदान के लिए आगे आए। शिविर में लोगों के बीच सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देखने को मिला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया।
रक्त केंद्र की टीम ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
शिविर को सफल बनाने में प्रखंड प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं स्थानीय समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

