बड़ा चिरू में पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, विधायक दशरथ गागराई ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत

चाईबासा/(संदीप कुमार):- खूंटपानी प्रखंड में आकाशवाणी क्लब बड़ा चिरू की ओर से पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता के समापन समारोह में रविवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई एवं उनकी पत्नी बासंती गागराई शामिल हुए। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने विधायक का आदिवासी रिती रिवाज से भव्य स्वागत किया। फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच सीपी एफ बाना एवं वंडर बॉयज के बीच खेला गया।


इससे पूर्व विधायक दशरथ गागराई ने फाइनल मैच का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को की मारकर किया। विजेता रहे सीपीएफ बाना की टीम को एक लाख एवं उपविजेता रहे वंडर बॉयज की टीम को 80 हजार रुपए नगद राशि देकर विधायक के द्वारा पुरस्कृत किया गया। वहीं तीसरे स्थान पर रहे रोहन एफसी की टीम को 40 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। जबकि चौथे स्थान पर रहे सरायकेला एफसी, पांचवें स्थान पर रहे बर्गर किंग मिस्टी की टीम को 15-15 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावा महिला वर्ग में विजेता रहे एन एस एस जमशेदपुर की टीम को 10 हजार एवं उपविजेता रहे चाईबासा एफसी की टीम को 7 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। जबकि तीसरे स्थान पर रहे टाटा स्टील फाउंडेशन एवं चौथे स्थान पर रहे आदिवासी फुटबॉल क्लब की टीम को 4-4 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। 40 प्लस में भी विजेता रहे टीमों को कमेटी की ओर से खस्सी देकर पुरस्कृत किया गया।

इस दौरान विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, डिम्बु तियु, राहुल गोप,सुदराय पाड़ेया, हेमंत गोडसोरा महेंद्र बानरा,डोजर बानरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

