झारखण्डसरायकेला

गम्हरिया: काम से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, ट्रक चालक फरार

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इनमें से 22 वर्षीय मोहम्मद निसार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक न तो सरकारी एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस। लोगों ने अपने स्तर पर घायल युवक को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

घटना से गुस्साए लोगों ने कुछ समय के लिए टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात रोक दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों को समझाकर जाम हटवाया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया